राष्ट्रीय राजधानी में दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड में बुधवार 26 अप्रैल की ठीक सुबह उस समय दहशत फैल गई जब स्कूल अधिकारियों को एक ई-मेल के जरिए बम की धमकी मिली। धमकी के तुरंत बाद, स्कूल परिसर को खाली कर दिया गया और दिल्ली पुलिस की एक टीम ने परिसर में गहन तलाशी अभियान चलाया। दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने कहा कि स्कूल परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, इससे पहले दिन में, दिल्ली पब्लिक स्कूल, मथुरा रोड को ई-मेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी।

डीसीपी साउथ ईस्ट राजेश देव ने डीपीएस, मथुरा में संवाददाताओं से कहा, "कोई खतरा नहीं है क्योंकि अभी तक स्कूल परिसर में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है। स्थिति सामान्य है। बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और स्वाट टीम स्कूल की इमारतों की जांच कर रही है।" उन्होंने आगे यह भी कहा कि इस मामले को लेकर जांच चल रही है, दिल्ली पुलिस ने कहा कि इससे पहले 12 अप्रैल को राष्ट्रीय राजधानी के एक स्कूल को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली थी जो कि झूठी थी।
पुलिस ने कहा कि स्वाट टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान चलाया, जिसमें कई दौर की तलाशी ली गई और यह अफवाह निकली। पुलिस ने कहा था कि पिछले नवंबर में इसी तरह का धमकी भरा ई-मेल जर्मनी स्थित एक सर्वर से ट्रेस किया गया था। पुलिस ने यह भी बताया की चिंताजनक कोई भी बात नहीं है। पुलिस इस मामले को लेकर सजग है और इसकी पड़ताल जारी रखेगी।
Leave Your Comment