logo

‘बच गए” बिग बी

'Big B' has a narrow escape

बंगले जलसा को बम से उड़ाने की धमकियां मिलने के बीच अमिताभ बच्चन हमेशा की तरह 15 नवंबर को फैंस से मिलने बंगले से बाहर आए। इसके बाद उन्होंने सर्वाइवल पर एक क्रिप्टिक पोस्ट की। अमिताभ बच्चन ने आधिकारिक X अकाउंट से लिखा, सर्वाइव्ड (बच गए)। महानायक की इस पोस्ट को लगातार मिल रहीं धमकियों से जोड़कर देखा जा रहा है। बता दें कि हाल  ही में उनके बंगले को बम से उड़ाने का धमकी भरा ईमेल मिला था। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने उनके घर के बाहर फायरिंग की साजिश रचने वाले दो शार्पशूटर्स गिरफ्तार किए हैं।  पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों विदेश में बैठे एक गैंगस्टर के लिए काम करते हैं। गैंगस्टर 1984 के सिख विरोधी दंगों पर अमिताभ के कथित बयान को लेकर उन्हें निशाना बनाना चाहता था, हालांकि अमिताभ ऐसा कोई बयान देने से इनकार कर चुके हैं।  इन तमाम धमकियों के बीच अमिताभ बच्चन रविवार को कड़ी सुरक्षा घेरे में जलसा के मुख्य गेट पर आए और बड़ी संख्या में जुटे फैंस का अभिवादन किया। संडे दर्शन में कड़ी सुरक्षा के बीच अमिताभ हमेशा की तरह शांत नजर आए। उन्होंने सफेद कुर्ते के साथ ऑरेंज, नीले और सफेद रंग के प्रिंट वाली जैकेट और मैचिंग टोपी पहन रखी थी। इस दौरान भी पिछले 2 हफ्तों की तरह बेटे अभिषेक पीछे सतर्क खड़े दिखे।

तमन्ना ने मनाया छठ

तमन्ना भाटिया ने मुंबई के जुहू बीच पर छठ पूजा मनाने के लिए श्रद्धालुओं के साथ हिस्सा लिया और इस उत्साह को पूरी श्रद्धा के साथ मनाया। एक्ट्रेस ने इस खास दिन की खूबसूरत झलक अपने सोशल मीडिया पर भी शेयर की है। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से बातचीत की, उत्सव में शामिल हुईं और इस मौके की कुछ झलकियां इंस्टाग्राम पर पोस्ट कीं, जहां उन्हें वहां मौजूद लोगों से काफी प्यार और स्नेह मिला।  इस खास मौके के लिए, एक्ट्रेस तमन्ना भाटिया ने सरसों के पीले रंग का एक खूबसूरत अनारकली सूट चुना, जो त्योहार के माहौल के साथ बिल्कुल मेल खा रहा था। उनके इस पारंपरिक परिधान में नेकलाइन, आस्तीन और किनारों पर चांदी और सफेद रंग की बारीक कढ़ाई की गई थी, जो उनके शानदार लुक को यह खास अंदाज और भी खूबसूरत बना रहा था।  उत्सव का वीडियो शेयर करते हुए, एक्ट्रेस तमन्ना ने मिले प्यार के लिए आभार व्यक्त किया और लिखा, ‘देवी का आशीर्वाद और आप सबका प्यार, छठी मैया की कृपा बनी रहे! छठी मैया की जय!’

कार्तिक आर्यन मंदिर में दर्शन करने पहुंचे

हाल ही में कार्तिक आर्यन मुंबई के जुहू स्थित ISKCON मंदिर में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की सफलता के जश्न में शामिल हुए। मेकर्स ने फिल्म के सिनेमाघरों में 100 दिन पूरे होने पर यह कार्यक्रम रखा था। करीब ₹1.5 से 2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने भारत में ₹342.86 करोड़ नेट और दुनियाभर में ₹453.33 करोड़ ग्रॉस कमाए हैं। शुरुआती दो हफ्तों में धीमी कमाई के बाद तीसरे हफ्ते से फिल्म की कमाई तेजी से बढ़ी थी।

फिल्म की सक्सेस पार्टी किसी आम बॉलीवुड पार्टी जैसी नहीं थी। धार्मिक जगह पर हुए इस कार्यक्रम में भजन और आरती हुई। मेकर्स ने फिल्म की सफलता का जश्न किसी पांच सितारा होटल या महंगे रेस्तरां में मनाने के बजाय जुहू के ISKCON मंदिर में रखा। एक रिपोर्ट के मुताबिक, कार्यक्रम में शराब या नॉन-वेज खाना नहीं परोसा गया। मेहमानों के लिए शाकाहारी और सात्विक भोजन रखा गया था। कार्यक्रम के वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। इनमें कार्तिक आर्यन मंदिर परिसर में पहुंचते और फिल्म की टीम के सदस्यों से मिलते नजर आ रहे हैं।

 

शरवरी को मिला भाग्यश्री का आशीर्वाद

शरवरी और भाग्यश्री की एक इंस्टाग्राम रील तेजी से वायरल हो रही है। इसमें वे ‘ये प्रेम मोल लिया’ के टाइटल ट्रैक पर डांस कर रही हैं। फिल्म की रिलीज से पहले शरवरी ने आशीर्वाद भी लिया। राजश्री बैनर का एक खास रीयूनियन फैंस का ध्यान खींच रहा है, जिसमें शरवरी और भाग्यश्री एक मजेदार इंस्टाग्राम रील में साथ नजर आईं। दोनों अभिनेत्रियां ‘ये प्रेम मोल लिया’ के टाइटल ट्रैक पर डांस करती दिखीं, जिससे फिल्म के प्रमोशन में पुरानी यादें ताजा हो गईं। सोशल मीडिया पर शरवरी और भाग्यश्री का डांस वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो उनके फैंस को बहुत पसंद आ रहा है। इससे पहले इसी गाने पर शरवरी ने माधुरी दीक्षित के साथ शानदार डांस किया था।  रील में शरवरी को भाग्यश्री के साथ देखा जा सकता है, जहां वह ‘ये प्रेम मोल लिया’ की रिलीज से पहले उनका आशीर्वाद ले रही हैं। आपको बता दें  ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना के साथ शरवरी मुख्य भूमिका में हैं। सूरज बड़जात्या के निर्देशन में बनी यह रोमांटिक फिल्म 27 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।   

Leave Your Comment

 

 

Top