
आयुष्मान खुराना बीते साल रिलीज हुई फिल्म थामा में नजर आए थे। अब इस हॉरर कॉमेडी के बाद आयुष्मान जल्द ही सारा अली खान संग ऑनस्क्रीन रोमांस करते नजर आने वाले हैं। दोनों की फिल्म ‘पति पत्नि और वो दो’ की नई रिलीज डेट सामने आई है। मेकर्स ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि ये फिल्म अब 15 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले इस फिल्म की रिलीज की तारीख 4 मार्च 2026 को तय की गई थी जो अब करीब 2 महीने बढ़ा दी गई है। फिल्म में आयुष्मान खुराना, सारा अली खान, रकुल प्रीत सिंह और वामिका गब्बी मुख्य भूमिकाओं में हैं। कहानी में नए किरदार और परिस्थितियां देखने को मिलेंगी। पहली फिल्म का निर्देशन करने वाले निर्देशक मुदस्सर अजीज सीक्वल का निर्देशन करने के लिए वापस आ रहे हैं।
इस कॉमेडी फिल्म का निर्माण भूषण कुमार और रेणु रवि चोपड़ा करेंगे, जबकि जूनो चोपड़ा क्रिएटिव प्रोड्यूसर के रूप में काम करेंगी। पहली फिल्म ‘पति पत्नी और वो’ 2019 में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी, जिसमें कार्तिक आर्यन, भूमि पेडनेकर और अनन्या पांडे ने अभिनय किया था। यह 1978 में इसी नाम से बनी फिल्म का आधुनिक रीमेक थी और इसमें आयुष्मान खुराना के भाई अपारशक्ति खुराना ने सहायक भूमिका निभाई थी। अब देखना होगा कि क्या ये फिल्म भी 2019 में रिलीज हुई फिल्म के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड को तोड़ पाती है या नहीं। फिल्म के पहले पार्ट में कार्तिक आर्यन, अनन्या पांडे और भूमि पेडनेकर अहम किरदारों में नजर आई थीं।

बॉलीवुड एक्टर सलमान खान इन दिनों अपनी मच अवेटेड फिल्म बैटल ऑफ गलवान की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म के ट्रेलर रिलीज के बाद से फैंस का एक्साइटमेंट भी सातवें आसमान पर है। अपूर्व लाखिया द्वारा निर्देशित ये फिल्म 17 अप्रैल को थिएटर्स में रिलीज होने वाली थी। हालांकि अब इसकी रिलीज डेट पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। एक रिपोर्ट के हवाले से यह खबर आ रही है कि मेकर्स के साथ सलमान खान का भी यही प्लान है। इस रिपोर्ट के अनुसार बैटल ऑफ गलवान की शूटिंग अभी पूरी नहीं हुई है। रिशूट काफी ज्यादा टाइम ले रहा है। 9 फरवरी से मुंबई के गोल्डन टोबैको फैक्ट्री में एक हफ्ते का शूट होना है। इसके पूरा होते ही कुछ और शूटिंग करना बाकी है। फरवरी के अंत तक ही ये शेड्यूल पूरा हो पाएगा। इसके बाद निर्देशक अपूर्वा लखिया रीशूट किए गए हिस्सों की एडिटिंग शुरू करेंगे।
लेकिन अब आगे के नियम थोड़े बदल गए हैं। नियमों के अनुसार, ‘बैटल ऑफ गलवान’ फिल्म पहले रक्षा मंत्रालय को दिखाई जानी है और इस प्रक्रिया में भी समय लग सकता है। इन दो कारणों से फिल्म निर्माताओं को लगता है कि वे 17 अप्रैल की डेडलाइन पूरी नहीं कर पाएंगे। सलमान खान इस बात को लेकर स्पष्ट हैं कि ऐसी खास देशभक्ति फिल्म को अच्छे से तैयार करना जरूरी है। उन्होंने फिल्म की टीम से कहा है कि वे जल्दबाजी न करें और यह सुनिश्चित करने के लिए समय लें कि अंतिम फिल्म आकर्षक, प्रभावशाली और सिनेमाई लगे।

साउथ सुपरस्टार धनुष और श्रीलीला जल्द ही फिल्म डी55 (अस्थाई नाम) में नजर आने वाले हैं। बीते दिनों धनुष ने फिल्म में श्रीलीला के कास्ट होने की खबर दी थी। अब इसकी शूटिंग भी शुरू हो गई है और मेकर्स ने हाल ही में फिल्म के सेट की तस्वीरें भी शेयर की हैं। शूटिंग के समय साउथ की सुपरहिट एक्ट्रेस साई पल्लवि भी मौजूद रहीं। यहां शूटिंग शुरू होने से पहले पारंपरिक पूजा और अर्चना हुई। इसके बाद फिल्म का पहला शॉट लिया गया। फिल्म में धनुष, ममूटी, साई पल्लवी और श्रीलीला मुख्य भूमिकाओं में हैं। धनुष और ममूटी पहली बार किसी फिल्म में साथ काम कर रहे हैं, जिससे उनके प्रशंसक उन्हें एक साथ पर्दे पर देखने के लिए उत्साहित हैं।
प्रोडक्शन हाउस वंडरबार फिल्म्स ने अपने X अकाउंट पर सेट से तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने लिखा, ‘जब सबकी मुस्कान ने एक दमदार शुरुआत की। D55 पूजा के कुछ खास पल।’ इससे पहले, फिल्म निर्माताओं ने एक पोस्ट साझा करके साई पल्लवी के इस प्रोजेक्ट में शामिल होने की घोषणा की थी। टीम ने उनका स्वागत करते हुए लिखा, ‘वह गरिमा और शक्ति का प्रतीक हैं। सबकी चहेती साई पल्लवि का D55 में स्वागत है। हिट जोड़ी बड़े पर्दे पर वापसी कर रही है।’ यह दूसरी बार होगा जब साई पल्लवी धनुष के साथ काम करेंगी। इससे पहले दोनों बालाजी मोहन द्वारा निर्देशित फिल्म ‘मारी 2’ में साथ नजर आए थे।

बॉलीवुड की मोस्ट एंटीसिपेटेड फिल्म रामायण बड़े स्केल पर बनाई जा रही है जिसमें बड़े-बड़े सितारे भी अहम भूमिकाओं में नजर आने वाले हैं। ऐसी चर्चा थी कि नेशनल अवॉर्ड विनर विक्रांत मैसी भी इस फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म में उनके मेघनाद (इंद्रजीत) की भूमिका निभाने की खबर थी। मगर बीते दिन एक रिपोर्ट सामने आई जिसमें कहा गया कि किल और बैड्स ऑफ बॉलीवुड में नजर आ चुके अभिनेता राघव जुयाल ने विक्रांत को रामायण से रिप्लेस कर दिया है। विक्रांत की जगह राघव रावण के बेटे मेघनाद की भूमिका निभाएंगे। इन दावों के बीचविक्रांत मैसी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर सारी अफवाहों पर फुल स्टॉप लगा दिया। 12वीं फेल फेम एक्टर ने कहा कि वह कभी रामायण का हिस्सा थे ही नहीं। इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर किए गए पोस्ट में विक्रांत ने लिखा, “ठीक है। बात खत्म कर रहा हूं।
मैं कभी इस फिल्म का हिस्सा नहीं था। न हूं, न कभी था। ‘इज्जतदार’ मीडिया हाउस की तरफ से ऐसी गैर-जिम्मेदाराना मीडिया कवरेज काफी चौंकाने वाली है।”
विक्रांत मैसी ने आगे लिखा, “फिर भी रामायण की पूरी टीम को बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मैं जरूर टिकट खरीदूंगा और इसे सिनेमाघरों में देखूंगा।” हालांकि, एक्टर ने इस पोस्ट को शेयर करने के कुछ समय बाद ही किसी कारण अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी से हटा दी।
Leave Your Comment