नई दिल्लीः भारतीय नौसेना के लिए आठ 'नेक्स्ट-जनरेशन कॉर्वेट्स' (युद्धपोत) बनाने के 40,000 करोड़ रुपये से अधिक के प्रोजेक्ट को पीएम मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमिटी ऑन सिक्योरिटी (CCS) ने मंजूरी दे दी है। इन युद्धपोतों का निर्माण दो सरकारी शिपयार्ड कोलकाता स्थित 'गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स' (GRSE) और 'गोवा शिपयार्ड लिमिटेड' (GSL) द्वारा किया जाएगा। इन आठ युद्धपोतों के लिए दोनों शिपयार्ड के साथ अगले कुछ दिनों में अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। इस प्रोजेक्ट से नौसेना के सरफेस फ्लीट (सतही बेड़े) को मजबूती मिलेगी और देश में ही युद्धपोत बनाने की प्रक्रिया को बड़ा बढ़ावा मिलेगा।
क्यों खास है यह प्रोजेक्ट--
70% से अधिक स्वदेशी सामग्री
सरकार की 'आत्मनिर्भर भारत' पहल और घरेलू रक्षा निर्माण को मजबूत करने के प्रयासों के अनुरूप, इस प्रोजेक्ट में 70 प्रतिशत से अधिक स्वदेशी सामग्री का इस्तेमाल किया जाएगा। भारत में इन आठों युद्धपोतों का निर्माण सरकार के 'सागर' (SAGAR - Security and Growth for All in the Region) विजन को भी आगे बढ़ाएगा। 40,000 करोड़ रुपये से अधिक का यह ऑर्डर कोलकाता स्थित GRSE और गोवा स्थित गोवा शिपयार्ड लिमिटेड के बीच बांटा जाएगा। इससे इन दोनों शिपयार्ड को लंबे समय तक काम (ऑर्डर) मिलने की उम्मीद है और साथ ही MSME इकोसिस्टम में हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
2030 तक पहली 'कॉर्वेट' (युद्धपोत) मिलने की उम्मीद
बताया जा रहा है कि पहले युद्धपोत का निर्माण एक साल के भीतर शुरू होने की संभावना है। इसे 2030 तक सौंपने का लक्ष्य रखा गया है और निर्माण कार्य में तेजी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रक्षा सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इन युद्धपोतों की डिलीवरी अगले चार से पांच वर्षों में शुरू होने की उम्मीद है।
यह परियोजना ऐसे समय में आई है जब भारतीय नौसेना हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा की बढ़ती चुनौतियों खासकर चीन की बढ़ती मौजूदगी से निपटने के लिए अपने बेड़े को आधुनिक बना रही है। यह नई मंजूरी नौसेना के मौजूदा युद्धपोत निर्माण कार्यक्रम का हिस्सा है, जिसमें नीलगिरि-श्रेणी के फ्रिगेट, अगली पीढ़ी के डिस्ट्रॉयर और बेड़े को सहायता देने वाले जहाज शामिल हैं। इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में रक्षा अधिग्रहण परिषद (DAC) की बैठक में भारतीय सेना, वायुसेना और भारतीय नौसेना के लिए 2.12 लाख करोड़ रुपये के रक्षा अधिग्रहण प्रस्तावों को मंजूरी दे दी थी।
Leave Your Comment