भुवनेश्वर: अटकलों पर विराम लगाते हुए ओडिशा सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनु गर्ग को ओडिशा का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। वह मौजूदा मुख्य सचिव मनोज आहूजा का स्थान लेंगी, जो 31 दिसंबर 2025 को सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
1991 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी अनु गर्ग को बुधवार को ओडिशा का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया।
अनु गर्ग की पदोन्नति ओडिशा के प्रशासनिक इतिहास में एक ऐतिहासिक उपलब्धि मानी जा रही है। वह राज्य के शीर्ष नौकरशाही पद पर पहुंचने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं। उनकी नियुक्ति ओडिशा के प्रशासनिक इतिहास में एक मील का पत्थर है, क्योंकि अब तक यह शीर्ष नौकरशाही पद पुरुष अधिकारियों के पास ही रहा है।
56 वर्षीय अनु गर्ग इससे पहले विकास आयुक्त-सह-अपर मुख्य सचिव तथा योजना एवं अभिसरण विभाग की सचिव के रूप में कार्यरत थीं। इसके साथ ही उनके पास जल संसाधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी था।
इससे पहले, 1 मार्च 2023 को उन्होंने राज्य की पहली महिला विकास आयुक्त बनने का भी गौरव हासिल किया था। विकास आयुक्त का पद प्रशासनिक संरचना में मुख्य सचिव के बाद दूसरा सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है।
अनु गर्ग मार्च 2029 में सेवानिवृत्त होंगी और ऐसे समय में यह जिम्मेदारी संभालेंगी, जब राज्य सरकार नए वर्ष में कई अहम विकास कार्यक्रमों और बजटीय पहलों को लागू करने की तैयारी कर रही है।
उत्तर प्रदेश की मूल निवासी अनु गर्ग
लेडी श्रीराम कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय से स्नातक और लखनऊ विश्वविद्यालय से समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर डिग्री प्राप्त की है। साथ ही उन्होंने जॉन्स हॉपकिन्स विश्वविद्यालय, अमेरिका के ब्लूमबर्ग स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ से मास्टर ऑफ पब्लिक हेल्थ की डिग्री हासिल की है।
केंद्र में प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्होंने वस्त्र मंत्रालय और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में संयुक्त सचिव के रूप में कार्य किया। इसके अलावा, वह प्रधानमंत्री की संयुक्त सचिव भी रह चुकी हैं।
उन्होंने सिविल सेवा में तीन दशकों से अधिक का समय बिताया है और इस दौरान जिला स्तर पर उन्होंने संबलपुर और बरगढ़ की जिलाधिकारी एवं जिला दंडाधिकारी के रूप में सेवा दी है। इससे पहले वह कालाहांडी और झारसुगुड़ा में अपर जिलाधिकारी तथा उप-कलेक्टर के पद पर भी कार्य कर चुकी हैं।
सतीश शर्मा
Leave Your Comment