logo

आलिया की सरप्राइज एंट्री

Alia's surprise entry

आलिया भट्ट इस समय अपने करियर के बेहद व्यस्त और दिलचस्प दौर से गुजर रही हैं। एक के बाद एक बड़े प्रोजेक्ट्स के बीच अब उनके नाम एक और सरप्राइज जुड़ गया है। खबर है कि वह कल्ट क्लासिक फिल्म ‘तुम्बाड’ के सीक्वल ‘तुम्बाड 2’ में खास भूमिका निभाने जा रही हैं।हालांकि यह रोल कैमियो बताया जा रहा है, लेकिन इसकी अहमियत कहानी में काफी बड़ी मानी जा रही है, क्योंकि उनका किरदार फिल्म के एक महत्वपूर्ण मोड़ पर नजर आएगा। आलिया ने मुंबई के मड आइलैंड में दो दिनों की शूटिंग पूरी कर ली है।फिल्म से जुड़े लोगों का कहना है कि मेकर्स को एक ऐसे चेहरे की जरूरत थी, जो कम स्क्रीन टाइम में भी कहानी में गहराई और रहस्य जोड़ सके। आलिया इस भूमिका के लिए एकदम फिट मानी गईं, क्योंकि उनकी स्क्रीन प्रेजेंस मजबूत है और वह छोटे रोल में भी बड़ा प्रभाव छोड़ने की क्षमता रखती हैं। यही वजह है कि उनका यह कैमियो ‘तुम्बाड 2’ के नैरेटिव में खास महत्व रखेगा। इसके अलावा संजय लीला भंसाली के ‘लव एंड वॉर’ में आलिया के साथ रणबीर कपूर और विकी कौशल हैं। ख़बरों के अनुसार, आलिया इस फिल्म में एक जांबाज सैनिक के रूप में नजर आएंगी। उनके करियर में यह पहली बार होगा जब वह युद्ध की पृष्ठभूमि वाली फिल्म में इस तरह का सशक्त किरदार निभाएंगी।

 

गोविंदा को सुनीता ने मारी गोली?

एक्टर गोविंदा की पत्नी सुनीता आहूजा अक्सर अपने बेबाक अंदाज और बिंदास कमेंट्स के लिए जानी जाती हैं।  अपने YouTube चैनल पर वह अपनी पर्सनल लाइफ की झलकियां भी शेयर करती हैं, मंदिरों में जाती हैं और अपनी आध्यात्मिक यात्रा के बारे में बात करती हैं।  सुनीता हाल ही में ‘लाफ्टर शेफ्स 3’ में नजर आईं जहां उनकी मुलाकात कृष्णा अभिषेक और उनकी पत्नी कश्मीरा शाह के साथ हुई।  इनके बीच एक इमोशनल मोमेंट भी देखने को मिला।  लेकिन गोविंदा पर सुनीता का ताजा कमेंट सुनकर हर कोई हैरान रह गया।   ‘लाफ्टर शेफ्स 3’ के एपिसोड के दौरान सुनीता ने गोविंदा पर तंज कसा और 2024 की वो फायरिंग वाली घटना का जिक्र किया।  उन्होंने कहा, “कश्मीरा, मैं तुम्हें एक बात बताना चाहती हूं, जो आदमी अपनी पत्नी की इज्जत करता है, वही असली हीरो होता है।  जो ‘अंखियों से गोली मारता है’, जब बात किसी ‘तीसरी पार्टी’ तक पहुंच जाती है... तो वह अपने ही घुटने में गोली मार लेता है।” आपको बता दें, अक्टूबर 2024 में गोविंदा को मुंबई स्थित अपने घर में गलती से गोली लग गई थी।  गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने फोन पर ANI को बताया था, “गोविंदा कोलकाता जाने की तैयारी कर रहे थे और जब वह अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर अलमारी में वापस रख रहे थे, तभी वह उनके हाथ से फिसल गई और गोली चल गई, जो उनके पैर में जा लगी।  सुनीता के इस कमेंट के बाद सोशल मीडिया पर कयासों की भरमार लग गयी की कहीं सुनीता ने ही तो गोविंदा को गोली नहीं मारी। हालाँकि यह सिर्फ कयास भर ही है।

 

प्रीति ज़िंटा ने पूछा फैन का हाल

आईपीएल का सीजन चल रहा है, चौके-छक्कों की बरसात हो रही है और इस बरसात में फैंस घायल भी हो रहे हैं। ऐसी ही एक घटना पंजाब किंग्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेले गए मैच के दौरान हुई थी। मैच में पंजाब किंग्स के प्रियांश आर्य के बल्ले से निकला एक ऊंचा शॉट सीधे स्टैंड्स में जाकर गिरा, जहां मौजूद बुजुर्ग फैन कृष्णचंद के चेहरे पर गेंद लग गई। जिससे उनको चोट लगी थी। आसपास बैठे दर्शकों ने तुरंत मदद की और उन्हें पास के अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के बाद अब उनकी हालत स्थिर है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल चुकी है। प्रियांश आर्य के छक्के से घायल हुए बुजुर्ग फैन कृष्णचंद को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रीति जिंटा ने वीडियो कॉल पर उनसे बात की और उनका हालचाल पूछा।इस बातचीत का वीडियो पंजाब किंग्स के आधिकारिक एक्स अकाउंट पर शेयर किया गया। साथ ही लिखा, ‘फैंस हमेशा पहले आते हैं। कृष्ण चंद जी के जल्दी ठीक होने की कामना करते हैं। उन्हें बेहतर होते देखकर खुशी हुई।’ वीडियो कॉल के दौरान कृष्णचंद को प्रीति ने धर्मशाला में होने वाले अगले मैच के लिए इनवाइट किया। साथ ही हल्के अंदाज में एक्ट्रेस ने कहा कि अगली बार आपको हेलमेट पहना देंगे, ताकि कोई बॉल आए तो आप सुरक्षित रहें। प्रीति ने अंत में कहा कि आपसे बात करके बहुत अच्छा लगा, आप सेफ रहें और हम आपका धर्मशाला में इंतजार करेंगे। इस आईपीएल में पंजाब किंग्स अपने होम ग्राउंड धर्मशाला में तीन मुकाबले खेलेगी।

 

सारा की सादगी

सचिन तेंदुलकर और अंजलि तेंदुलकर की बेटी सारा तेंदुलकर अक्सर चर्चा में बनी रहती हैं।  उनकी लोगों के बीच जबरदस्त पॉपुलैरिटी है।  सारा तेंदुलकर जहां भी स्पॉट होती हैं तो पपराजी  उन्हें अपने कैमरे में कैद करने के लिए उतावले रहते हैं।  उनकी अक्सर बॉलीवुड एक्ट्रेसेस के साथ तुलना होती रहती हैं।  अब सारा तेंदुलकर का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इसके बाद उनके अंदाज को देखकर लोग फिल्म ‘कबीर सिंह’ की प्रीति से तुलना हो रही है. उनके वीडियोज पर लोग जमकर कमेंट कर रहे हैं।  सारा तेंदुलकर हाल ही में मुंबई में स्पॉट हुई हैं और उनके लुक ने लोगों का ध्यान खींचा।  उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें देखा जा सकता है कि वह पिंक कलर का सलवार-सूट पहने नजर आईं और उन्होंने दुपट्टा ले रखा था।  नो मेकअप लुक में सारा का सादगी भरा अंदाज फैंस का दिल जीत रहा है।

 

 

 

 

 

Leave Your Comment

 

 

Top