logo

अखिलेश यादव ने कांग्रेस पार्टी पर साधा निशाना: "कांग्रेस एक 'चालू' पार्टी, इसे वोट मत देना"

Akhilesh Yadav targets Congress party:

अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस ने अतीत में जातिगत जनगणना और मंडल आयोग की सिफारिशों का कार्यान्वयन रोक दिया था और सत्तारूढ़ बीजेपी भी आज इसी तरह का रुख अपना रही है।


WRITER- सात्विक उपाध्याय

नई दिल्ली: रविवार, 5 नवंबर को समाजवादी पार्टी  के प्रमुख अखिलेश यादव ने मध्य प्रदेश के टीकमगढ़  में चुनाव प्रचार किया।  इस दौरान उन्होंने  कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा है। निशाना साधते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस चालू पार्टी  करार दिया है। उन्होंने कहा कि अगर आपको राशन नहीं मिल रहा है तो बीजेपी को वोट क्यों देंगे। कांग्रेस को भी वोट मत देना। कांग्रेस बहुत ही चालू पार्टी है। जब हमें धोखा दे दिया तो आपको भी धोखा दे सकती है। इससे पहले शनिवार को सपा के प्रमुख व दिग्ग्ज नेता शिवपाल यादव ने अपने एक बयान में कहा था कि यूपी में कांग्रेस पार्टी का कुछ भी नहीं है, आगामी चुनाव में बीजेपी को सपा ही टक्कर देगी।

बतादें कि मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के जतारा विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी सभा के दौरान अखिलेश यादव ने लोगों के कांग्रेस पार्टी से सावधान रहने के लिए कहा है। हाल ही में कुछ महिने पहले इंडिया गठबंधन का निर्माण किया गया था। जिसके बाद अब समाजवादी पार्टी के प्रमुख ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला किया है।

कांग्रेस के साथ बीजेपी पर अखिलेश यादव का वार-

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ने अतीत में जातिगत जनगणना और मंडल आयोग की सिफारिशों का कार्यान्वयन रोक दिया था और सत्तारूढ़ बीजेपी भी आज इसी तरह का रुख अपना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और बीजेपी चुनावों में ‘‘पीडीए'' यानी 'पिछड़ा वर्ग, दलितों और आदिवासियों' को लुभाने के लिए जातिगत जनगणना और आरक्षण की बात कर रहे हैं, क्योंकि दोनों दलों को इन तबकों की ताकत का अहसास हो चुका है।

अखिलेश यादव ने MP विधानसभा चुनावों के लिए घोषणापत्र किया जारी
सपा प्रमुख ने मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों  के लिए जारी पार्टी के घोषणापत्र के हवाले से कहा कि उनकी पार्टी जातिगत जनगणना, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण और महिलाओं के लिए मध्य प्रदेश सरकार की ‘‘लाड़ली बहना'' योजना से बेहतर ‘‘समाजवादी पेंशन'' योजना का संकल्प व्यक्त करती है। उन्होंने कहा कि ‘‘समाजवादी पेंशन'' योजना के तहत हितग्राहियों को हर माह 3,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि मध्य प्रदेश में महिलाओं पर देशभर में सबसे ज्यादा अत्याचार होते हैं, वहीं दलितों और आदिवासियों के उत्पीड़न की स्थिति भी गंभीर है।

‘‘इंडिया'' गठबंधन में होने के बावजूद सपा-कांग्रेस अलग-अलग लड़ेगी चुनाव-
सपा और कांग्रेस विपक्ष गठबंधन ‘‘इंडिया'' (इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस) का हिस्सा हैं, लेकिन दोनों दल मध्य प्रदेश की 230 सीटों पर 17 नवंबर को होने वाला चुनाव अलग-अलग लड़ रहे हैं। इस चुनाव के लिए दोनों दलों में तालमेल नहीं होने को लेकर अखिलेश और कमलनाथ के बीच तनातनी पहले ही सामने आ चुकी है।

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा सपा के लिए एक भी सीट नहीं छोड़ने से नाराज अखिलेश ने संकेत दिया था कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के साथ ऐसा ही व्यवहार कर सकती है।

Leave Your Comment

 

 

Top