logo

बाबा नगरी देवघर के शिवलोक परिसर में भव्य ड्रोन शो, बाबा नगरी के आसमान में दिखी आध्यात्म

A spectacular drone show was held at the Shivlok complex in Deoghar—the abode of Baba—bringing a touch of spirituality to the city's skyline.

अनिल मिश्र/रांची 


रांची: झारखंड की राजधानी रांची से करीब ढाई सौ किलोमीटर की दूरी पर स्थित रावणेश्वर महादेव यानी बैधनाथ धाम अर्थात बाबा धाम के नाम  से प्रसिद्ध देवघर में राजकीय श्रावणी मेला, 2026 को यादगार और भव्य बनाने के उद्देश्य से देवघर जिला प्रशासन की ओर से कल गुरुवार को शिवलोक परिसर में अत्याधुनिक ड्रोन शो का आयोजन किया गया। इस अवसर पर देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को आध्यात्म और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम का अनुभव कराया।

गुरुवार की रात साढ़े सात बजे के बाद जैसे ही सैकड़ों ड्रोंस ने एक साथ उड़ान भरी तो पूरा शिवलोक परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा। करीब आधे घंटे तक चले इस ड्रोन शो में रंग-बिरंगी डिजिटल रोशनी के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ मंदिर की महिमा, द्वादश ज्योतिर्लिंग का महत्व, श्रावणी मेले की परंपरा और देवघर के धार्मिक इतिहास को आकर्षक आकृतियों के रूप में प्रस्तुत किया गया। इस बीच इन ड्रोन शो का नजारा बाबा मंदिर परिसर से करीब पांच किलोमीटर तक के क्षेत्र में दिखाई दिया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इस अनूठे आयोजन की सराहना किया ।इस बीच देवघर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित जलार्पण के साथ-साथ देवघर आने पर यादगार आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है।इस बीच राजकीय श्रावणी मेला, 2026 के पहले दिन से ही गुरुवार को अहले सुबह देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी जा रही है। बाबाधाम में जलाभिषेक करने के लिए बुधवार देर रात से ही कांवरियों की लंबी कतार लगनी शुरू हो गई थी, जो गुरुवार सुबह करीब तीन किलोमीटर से अधिक लंबी हो गई।  देवघर के उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने बाबा बैद्यनाथ मंदिर का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मेला क्षेत्र और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा, सुगम जलार्पण और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया।

इसके अलावा श्रद्धालुओं को बिना किसी असुविधा के सुरक्षित और सुगम तरीके से जलार्पण कराने के उद्देश्य से आज श्रावणी मेला के पहले दिन उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया और पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर की उपस्थिति में बाबा मंदिर में अर्घा स्थापित किया गया, जिसके पश्चात अर्घा व्यवस्था के माध्यम से कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने कड़े सुरक्षा घेरे के बीच बाबा भोलेनाथ पर सुगमतापूर्वक जलार्पण शुरू किया। वहीं मेला क्षेत्र में विधि व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर उपायुक्त ने बाबा मंदिर स्थित कंट्रोल रूम का दौरा किया। उन्होंने कंट्रोल रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से बाबा मंदिर परिसर, गर्भगृह, निकास द्वार और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की लाइव मॉनिटरिंग की। साथ ही उपायुक्त ने कंट्रोल रूम में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखें और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने ड्यूटी पर तैनात दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को सेवा भाव से काम करने तथा देवघर आने वाले सभी कांवरियों व श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार करने का निर्देश दिया, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु देवघर से एक सुखद संदेश लेकर लौटें।

Leave Your Comment

 

 

Top