logo

राजस्थान हॉस्पिटल में योग काउंटडाउन कार्यक्रम का हुआ भव्य आयोजन

A grand Yoga countdown event was organized at Rajasthan Hospital.

जयपुर, 15 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे देशव्यापी योग काउंटडाउन कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत स्वास्थ्य कल्याण इंस्टीट्यूट ऑफ नेचुरोपैथी एंड योगिक साइंसेज़ (SKINYS) द्वारा मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योग (MDNIY), आयुष मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को राजस्थान हॉस्पिटल (RHL), जयपुर में योग काउंटडाउन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राजस्थान के उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, राजस्थान वित्त आयोग के चैयरमेन ड़ॉ अरुण चतुर्वेदी, सिविल लाइन्स एमएलए गोपाल शर्मा, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेद (NIA) के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा तथा उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष विनय कुमार रोहिल्ला उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की कला है। उन्होंने नागरिकों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर स्वास्थ्य कल्याण ग्रुप एवं राजस्थान हॉस्पिटल (RHL) के चेयरमैन डॉ. एस. एस. अग्रवाल ने कहा कि राजस्थान हॉस्पिटल सदैव जनस्वास्थ्य, योग एवं निवारक चिकित्सा को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल रोगों से बचाव का माध्यम ही नहीं, बल्कि स्वस्थ, सकारात्मक एवं संतुलित जीवन का आधार है। डॉ. अग्रवाल ने कहा कि आयुष मंत्रालय, भारत सरकार एवं मोरारजी देसाई नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ योग के सहयोग से आयोजित यह कार्यक्रम समाज में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

डॉ. विरेन्द्र सिंह, अध्यक्ष राजस्थान हॉस्पिटल ने कहा कि राजस्थान हॉस्पिटल (RHL) चिकित्सा सेवाओं के साथ-साथ जनस्वास्थ्य, योग, प्राकृतिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का नियमित आयोजन करता रहा है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर स्वस्थ एवं निरोग भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।

सांसद मंजू शर्मा ने कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य का सशक्त माध्यम है तथा इसे जन-जन तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। डॉ. सर्वेश अग्रवाल वाईस चेयरमैन राजस्थान हॉस्पिटल ने योग को स्वस्थ समाज निर्माण का आधार बताते हुए युवाओं को योग अपनाने के लिए प्रेरित किया।

एनआईए के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा ने योग और आयुर्वेद के समन्वय को भारतीय स्वास्थ्य परंपरा की महत्वपूर्ण शक्ति बताया। वहीं विनय कुमार रोहिल्ला ने कहा कि आपदा एवं तनावपूर्ण परिस्थितियों में भी योग मानसिक संतुलन और आत्मबल बनाए रखने में सहायक सिद्ध होता है।

काउंटडाउन कार्यक्रम में अल्प संख्यक आयोग के पूर्व चेयरमैन सरदार जसबीर सिंह, मिलेट्स मेन डॉ राज भण्डारी निति आयोग सदस्य बड़ी संख्या में चिकित्सकों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं योग साधकों ने भाग लिया। योग विशेषज्ञों के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 के सफल आयोजन हेतु जनसहभागिता बढ़ाने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम का सञ्चालन डॉ कमलेश विद्यार्थी ने किया।
 

Leave Your Comment

 

 

Top