logo

दिल्ली एयरपोर्ट से आज 80 इंटरनेशनल फ्लाइट्स करनी पड़ीं कैंसिल, जानिए इसके पीछे का कारण

80 international flights were cancelled from Delhi airport today; know the reason behind it.

नई दिल्ली: मध्य पूर्व में बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव का असर भारत की हवाई सेवाओं पर साफ दिखाई दे रहा है। मंगलवार सुबह इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कुल 80 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे हजारों यात्रियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुईं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, रद्द की गई उड़ानों में 36 प्रस्थान (डिपार्चर) और 44 आगमन (अराइवल) शामिल हैं। इस दौरान दुबई के लिए रवाना हुई अमीरात की उड़ान EK513 को मध्य पूर्व में वायु क्षेत्र प्रतिबंधों के चलते वापस दिल्ली लौटना पड़ा। 

दुबई से आने वाली फ्लाइट सुरक्षित दिल्ली पहुंची

फ्लाइट ट्रैकिंग वेबसाइट Flightradar24 के अनुसार, यह फैसला सुरक्षा कारणों से लिया गया। हालांकि, दुबई से आने वाली EK512 उड़ान सुरक्षित रूप से दिल्ली पहुंच गई। कुछ एयरलाइंस ने मध्य पूर्व के लिए सीमित स्तर पर संचालन फिर से शुरू कर दिया है, लेकिन परिस्थितियां अभी पूरी तरह सामान्य नहीं हुए हैं। एयरपोर्ट संचालक दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी कि मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों के कारण पश्चिम दिशा की कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में देरी और शेड्यूल में बदलाव हो रहा है। यात्रियों से अपनी उड़ान की स्थिति की अग्रिम पुष्टि करने की अपील की गई है।

तीन दिनों में कुल 1,117 फ्लाइट्स कैंसिल

गौरतलब है कि दिल्ली हवाई अड्डा प्रतिदिन 1,300 से अधिक उड़ानों का संचालन संभालता है। वहीं, पिछले तीन दिनों में मध्य पूर्व संकट के कारण भारतीय एयरलाइंस ने कुल 1,117 अंतरराष्ट्रीय उड़ानें रद्द की हैं, जिससे वैश्विक यात्रा नेटवर्क पर व्यापक असर पड़ा है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे एयरलाइंस या एयरपोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए ताजा अपडेट लेते रहें और यात्रा से पहले वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करें।

 

एयरपोर्ट ने जारी की एडवाइजरी

दिल्ली एयरपोर्ट ने मंगलवार को एक एडवाइजरी में कहा कि मिडिल ईस्ट में बदलते जियोपॉलिटिकल हालात को देखते हुए, पश्चिम की ओर जाने वाली कुछ इंटरनेशनल फ़्लाइट्स में देरी हो सकती है या ऑपरेशनल बदलाव हो सकते हैं। यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे एयरपोर्ट जाने से पहले अपनी-अपनी एयरलाइन से लेटेस्ट अपडेट चेक कर लें और अगर ज़रूरी हो, तो एयरलाइन के बताए गए दूसरे रास्तों या कनेक्शन पर विचार करें। बाकी सभी फ़्लाइट ऑपरेशन शेड्यूल के हिसाब से चल रहे हैं। 

Leave Your Comment

 

 

Top