logo

चौतरफा हमले से जूझती सनातन संस्कृति

Sanatan culture grappling with attacks from all sides


उमेश चतुर्वेदी


सत्रह नवंबर की शाम दिल्ली के आलीशान मौर्या शेरेटन होटल में अपनी मां सोनिया गांधी की हालिया प्रकाशित आत्मकथात्मक पुस्तक ‘बिलांगिंग, ए जर्नी ऑफ लव’के विमोचन कार्यक्रम में राहुल गांधी ने यूं तो बहुत कुछ कहा, लेकिन सबसे चर्चित हुआ है, उनका अपने माता-पिता को लेकर कही गयी एक बात। उन्होंने कहा, "मैंने ऐसा किसी दूसरे घर में नहीं देखा है। हर बार भोजन करते समय पापा और मां बैठे होते थे। हमारी मां पापा की गोद में बैठ जाती थी. मुझे लगता था कि यह सामान्य बात है। मैं अपने दोस्तों के घर जाता था तो देखता था कि वहां ऐसा नहीं होता है। मैं उनसे पूछता था कि तुम्हारी मां, पापा की गोद में क्यों नहीं बैठी हैं।"

राहुल ने अपने वक्तव्य की शुरूआत में कहा था कि राजनीति की बात नहीं होगी, लेकिन उन्होंने जो कहा, सामाजिक और राजनीतिक-दोनों तरह के सवालों के घेरे में सबसे ज्यादा है।

राहुल ने जो कहा, उसे लेकर परंपरा, सनातन संस्कृति और हिंदू धर्म के संदर्भ में सवाल उठने स्वाभाविक ही हैं। राहुल् कोई मामूली व्यक्ति नहीं हैं। देश का एक बड़ा हिस्सा, जिसमें हिंदू भी और मुसलमान भी, ईसाई भी हैं और दूसरे धर्मावलंबी भी, राहुल को प्रधानमंत्री बनते देखना चाहते हैं। ऐसे में सवाल यह है कि क्या देश को ऐसा व्यक्ति प्रधानमंत्री के रूप में चाहिए, जो परंपराओं और मूल्यों का भंजक हो। हिंदू संस्कृति और धर्म परंपराओं और मूल्यों पर जोर देता है। वैसे दुनिया की कोई भी संस्कृति अपने राष्ट्र से जुड़ी सांस्कृतिक परंपराओं की भंजक हस्ती को स्वीकार नहीं कर पाती। लेकिन भारत में एक बड़ा वर्ग ऐसा है, जो राहुल के कथन पर लहालोट है। उसे इसमें सोनिया-राजीव के स्नेह, प्यार और प्रेम की उत्ताल तरंगे दिखती हैं, गहराई दिखती हैं। भारत का वामपंथी वर्ग और कांग्रेस समर्थक समूह राहुल के कथन को अद्भुत बताने में अपनी पूरी ऊर्जा खपा रहा है।

याद कीजिए, जुलाई में नीट परीक्षा में हुई धांधली के खिलाफ चले काकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर के आंदोलन को। तब नरेंद्र मोदी को खुलेआम गालियां दी गई थीं। संस्कार सीखने की उम्र वाले युवाओं, किशोरों और किशोरियों के मुंह से निकली गालियों पर जब सवाल उठे तो खुद को संस्कारी बताने वाले वामपंथियों का समूह इन गालियों के समर्थन में उतर गया। एक वामपंथी पत्रकार, तो यह बताने में नहीं थक रहा था कि वह भी बचपन में अपने पिता को गाली देता था। उसके समर्थन में उसके समर्थक टूट पड़े थे।

गालियों का समर्थन हो या राहुल गांधी का अशोभनीय बयान, दोनों का वामपंथी और प्रगतिशील लोगों द्वारा समर्थन की जड़ें बहुत गहरी हैं। सनातन धर्म और संस्कृति पर जारी ईसाइयत के हमले के साथ ही ऐसी वैचारिकता भारत में गहरी होती चली गईं। 1813 के चार्टर एक्ट के जरिए भारत में ईसाई मिशनरियों को धर्मांतरण की अनुमति मिली। फिर भी वे मिशनरियां व्यापक पैमाने पर धर्मांतरण में सफल नहीं हो पाईं। तब उन्होंने हिंदू धर्म की मान्यताओं, सामाजिक संरचना और परिवार व्यवस्था पर हमला बोलना शुरू किया। इस सिलसिले में पहला आक्रमण भारत की वर्ण व्यवस्था पर किया गया। इसे दकियानूसी और छूआछूत का प्रतीक बताया गया। यह सोच हमारी अवचेतन में इतने गहरे तक बैठ गई है कि सनातन संस्कृति के समर्थक भी मानने लगे हैं कि भारतीय अतीत सचमुच सैकड़ों साल तक छुआछूत के असर में रही। सनातन संस्कृति के समर्थक तत्व भी वामपंथी और ईसाइयों के स्थापित कथित जानकारी यथा, सवर्ण लोगों ने छोटी जातियों को पानी तक नहीं पीने दिया-को मानने लगे हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या साफ पानी पीए बिना कोई समुदाय क्या सैकड़ों साल तक जिंदा रह सकता है। लेकिन वह समुदाय ना सिर्फ जिंदा रहा, बल्कि अब वह समाज, राजनीति और अर्थनीति के हर मोर्चे पर समाज के कथित अगड़े वर्ग के साथ आगे बढ़ रहा है।

जब भारतीय संस्कृति को अपने धार्मिक दायरे में लेने में ईसाइयत असफल रही तो उसने भारतीय संस्कृति को नीचा दिखाने के लिए नैरेटिव गढ़ने लगी। भारतीय परंपराओं पर सवाल उठाने लगी। इसमें मार्क्सवादी दर्शन और उसके समर्थक भी कूद पड़े।

आज मोटे तौर पर देखें तो वैश्विक स्तर पर हिंदू या सनातनी संस्कृति और धर्म के साथ ही राष्ट्रीयता के सामने चार चुनौतियां खड़ी नजर आती हैं। ये चुनौतियां हैं, कट्टरवादी इस्लाम, प्रसारवादी शक्तियाँ, सांस्कृतिक मार्क्सवाद और वैश्विक बाजारवादी ताकतें।

जहां तक  कट्टरपंथी इस्लाम की बात है तो यह छिपी हुई बात नहीं है कि वैश्विक स्तर पर प्रसारित होने के बावजूद इस्लाम धर्म के अनुयायियों में भी वैचारिक, मान्यता आधारित और जीवनशैली आदि की एकरूपता नहीं है। लेकिन समूचे इस्लामी समुदाय में एक मायने में एकरूपता है, वह है कुरान पर भरोसा। इससे किसी को एतराज नहीं होना चाहिए। लेकिन इसके मतावलंबियों में मजहबी कट्टरता वैश्विक रूप से समान है। हालांकि इस समुदाय में भी उदारवादी लोग हैं। लेकिन विश्व को चुनौती इसकी कट्टरपंथी विचारधारा से है, जो धार्मिक सर्वोच्चता के नाम पर दूसरे मतों के अस्तित्व, धार्मिक स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक मूल्यों और बहुलतावादी समाज को पूरी तरह नामंजूर कर देती है। यह विचारधारा धार्मिक पहचान के नाम राजनीतिक वर्चस्व, हिंसा, आतंकवाद और असहिष्णुता के प्रसार से परहेज नहीं करती। आज सनातन संस्कृति और धर्म पर ईसाइयत के साथ ही इस वैचारिकी की चुनौती बढ़ी है। यह अपने मूल्यों से समझौता तो नहीं करती, लेकिन सनातन संस्कृति को दकियानुसी बताने वाले विचारों को कभी परोक्ष तो कभी प्रत्यक्ष सहारा देती है। इसलिए यह सनातन संस्कृति ही नहीं, विचार और मूल्यों के लिए खतरनाक और चुनौतीपूर्ण होती जा रही है।

आधुनिक लोकतांत्रिक समाज के लिए सेकुलरवाद जरूरी मान लिया गया है। इसके साथ ही सनातन संस्कृति के सेकुलरवादी रूप को भुला दिया गया है। जबकि भारत की सांस्कृतिक परंपरा में सभी मतों के प्रति सम्मान और सह-अस्तित्व की बात कही गई है। वह किसी को न तो ऊंचा मानती है और किसी विचार को नीचा मानती है। वसुधैव कुटुंबकम और आत्मवत परदारेषु की वैचारिकी से सनातन संस्कृति और धर्म हजारों साल से प्रभावित है और इसी दृष्टिकोण से वह लगातार आगे बढ़ता रहा है। लेकिन ईसाइयत और मजहबी कट्टरतावाद के ग्रस्त इस्लाम आज इसके लिए बड़ा खतरा बन गया है।

जहां तक प्रसारवादी शक्तियों की बात है तो इतिहास के तमाम सोपानों में कई शक्तियों ने अपने राजनीतिक, धार्मिक, आर्थिक और सांस्कृतिक प्रभाव का विस्तार करने की कोशिश की। इस प्रसारवाद में सिर्फ सेनाओं के जरिए आक्रमण नहीं हुआ या हो रहा है, बल्कि आज इसका बड़ा हथियार और रास्ता धार्मिक प्रचार और धर्मांतरण बन गया है। धर्मांतरण के लिए आज अब्राहमिक धर्म या मत, मसलन ईसाई और इस्लाम आर्थिक रूप से कमजोर तबके को आर्थिक सहायता और संस्थागत प्रभाव के जरिए प्रभावित कर रहा है। हिंदू देवताओं को दकियानुसी और पिछड़ा, कमजोर बताकर भोले-भाले नागरिकों को ठगा जा रहा है। इसमें इनसे जुड़ी संस्थाओं द्वारा संचालित शैक्षिक संस्थान और उनके संचार माध्यम इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। कई बार ये संस्थाएं संचार माध्यमों के जरिए सांस्कृतिक प्रभाव को स्थापित करने की कोशिश कर रही हैं। इसका साथ मीडिया का एक बड़ा और प्रभावशाली तबका भी कर रहा है। बदले में आरोप है कि उसे आर्थिक फायदा भी मिशनरियों और इस्लामी संस्थाओं से मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आर्थिक और सैन्य ताकत के लैस ताकतवर राष्ट्र और उनका नेतृत्व भी कभी

राजनीतिक हस्तक्षेप तो कभी किसी अन्य तरीके से कमजोर राष्ट्रों को कभी डरा कर तो कभी आर्थिक सहयोग के जरिए प्रभावित कर रहा है। हालांकि मोदी के शासन काल में इसमें कमी आई है। फिर भी अंतररष्ट्रीय ताकतें अब भी सक्रिय हैं। और इसके जरिए वे राष्ट्रों की नीतियों को प्रभावित कर रही हैं। इसके साथ ही ये ताकतें अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं के माध्यम से अपने विचारों और प्राथमिकताओं को वैश्विक मान्यता दिला रही हैं। इसमें हमारा बौद्धिक समाज, जिसमें वामपंथियों की भरमार है। इस विचार को बढ़ावा दे रहा है। वैसे धार्मिक प्रचार, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और वैचारिक विस्तार गलत बात नहीं है, लेकिन भारत में इसके पीछे छल, दबाव, विदेशी हस्तक्षेप, आर्थिक प्रलोभन के साथ ही सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहचान को धूमिल करने की कोशिश ज्यादा नजर आ रही है। सौभाग्य ही कहेंगे कि तमाम पश्चिमोन्मुखी शिक्षा के प्रसार के बावजूद भारत का युवा जाग रहा है और पर्दे के पीछे जारी इन षडयंत्रों को अब समझने लगा है।

हिंदू और सनातन संस्कृति के बड़े दुश्मन के रूप सांस्कृतिक मार्क्सवाद भी सामने आया है। मार्क्सवादी वैचारिकी मुख्य रूप से आर्थिक वर्ग-संघर्ष और उत्पादन के साधनों पर कब्जे की सोच केंद्रित है। लेकिन इसे आज सांस्कृतिक उपनिवेशवाद का माध्यम बना दिया गया है। दिलचस्प यह है कि पश्चिम की पूंजीवादी व्यवस्था से पोषित हो रहे लोग, जिनमें बौद्धिक समुदाय का एक बड़ा हिस्सा भी शामिल है, विशेषकर एशिया की प्राचीन सामाजिक धाराओं को दकियानुसी, पिछड़ा बताने में जुटी हुई है। इस वैचारिक धारा ने संस्थाएं, संस्कृति, शिक्षा, साहित्य, मीडिया आदि में प्रभावी दखल बना रखी है और इनके जरिए ये पारंपरिक मान्यताओं को सत्ता एवं वैचारिक संघर्ष के विश्लेषण का विषय बना रखा है। राहुल गांधी द्वारा अपने मां-बाप के अंतरंग पलों की सार्वजनिक अभिव्यक्ति और मोदी को सार्वजनिक गालियां दिया जाना और उसे जायज, प्रगतिशील और आधुनिकतम बताना इसी वैचारिक धारा का प्रभाव है।

सांस्कृतिक मार्क्सवाद के निशाने पर पारंपरिक भारतीय परिवार व्यवस्था भी है। वह भारतीय धार्मिक मान्यताओं को भी सवालों के घेरे में रखती है। वह आज के कथित सामाजिक न्याय की सैद्धांतिकी के बहाने समाज को लगातार वर्ग, पहचान और संघर्ष के आधार पर ना सिर्फ बांटती रहती है, बल्कि सामाजिक विभेद भी पैदा करने की लगातार कोशिश कर रही है। सांस्कृतिक मार्क्सवाद ने गहरे साजिश के तहत भारतीय शिक्षा और साहित्य जगत में भी दखल बना ली है और उसके जरिए भी भारतीय मूल्यों को तहस-नहस कर रही है। इसके जरिए वह राष्ट्रीय चरित्र को भी खराब बना रही है। दरअसल उसे पता है कि भारतीय समाज का सबसे बड़ा आधार परिवार व्यवस्था है। परिवार से ही व्यक्ति को संस्कार मिलते हैं, इन्हीं संस्कारों की बुनियाद पर सामाजिक मूल्य पोषित और पल्लवित होते हैं और अंतत: यह व्यवस्था राष्ट्र निर्माण का व्यापक आधार बनती है। और सबसे ब़ड़ी बात यह है कि इन सबके मूल में भारतीय परंपराएं, मूल्य और सनातन धर्म है, इसलिए इन ताकतों के निशाने पर हमारी व्यवस्था, हमारी संस्कृति और सनातन धर्म ज्यादा हैं।

भारतीय मूल्यों और सनातन सोच को वैश्विक बाजारवादी शक्तियों ने भी निशाने पर ले रखा है। उदारीकरण की अर्थव्यवस्था के जरिए उन्होंने भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं में भी हस्तक्षेप किया है। भारतीय पहनावे पर पश्चिमी पहनावे का जोर, खानपान का बढ़ता चलन और इस बहाने संस्कृति पर सीधा हमला, वैश्विक बाजारवादी ताकतों का तरीका है। आधुनिक दुनिया में बाजार केवल वस्तुओं और सेवाओं के आदान-प्रदान के माध्यम नहीं रह गये हैं, बल्कि वे जीवनशैली, उपभोग, मनोरंजन, खानपान, पहनावा, भाषा और सामाजिक प्राथमिकताओं पर असर डालने का माध्यम बन गये हैं। चूंकि आधुनिक बाजारवादी व्यवस्था ने बहुराष्ट्रीय कंपनियों,  निगमों आदि का विस्तार किया है। फिर इनकी पहुंच तकनीक के आधुनिक मॉडलों मसलन, डिजिटल प्लेटफॉर्म, विज्ञापन उद्योग और वैश्विक वित्तीय संस्थाओं पर कब्जा है, इसलिए इनके जरिए वे भारतीय और सनातन मूल्यों को प्रभावित कर रहे हैं और पश्चिम के चमकदार, किंतु खोखले दर्शन को थोप रहे हैं। इसकी वजह से भी पारंपरिक भारतीय परिवार आधारित अर्थव्यवस्था और पारंपरिक कौशल कमजोर हुआ है। ये ताकतें स्थानीय भाषाओं, कलाओं और सांस्कृतिक उत्पादों को पिछड़ा और उपेक्षित बता रही हैं। ये ताकतें तकनीक के आधुनिकतम रूप डिजिटल प्लेटफॉर्मों के जरिए भारतीय लोगों की पसंद और व्यवहार को भी बदल रही हैं। दरअसल यह बाजारवादी व्यवस्था मनुष्य की आवश्यकताओं के बजाय उसकी इच्छाओं को नियंत्रित कर रही है। इसकी वजह से संस्कृतियों पर हमला बढ़ा है। यह आर्थिक विकास को बढ़ावा तो दे रही है, लेकिन इस पूरी प्रक्रिया में वह उस मानवीय मूल्य को पीछे छोड़ रही है, जो भारतीय सनातन परंपरा का मूलाधार रही है।

ऐसे में जरूरी है कि भारत आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर तो बने, उसकी अर्थव्यवस्था मजबूत हो, लेकिन  स्वदेशी उद्योगों, स्थानीय उत्पादों, भारतीय ज्ञान परंपरा का पोषण होता रहे और इसके साथ ही इन तत्वों के साथ आधुनिक तकनीक के समन्वय की राह खोजी जाए। भारतीयता के प्रसार का मूलाधार हमारी परिवार व्यवस्था को बनाए रखे जाने पर जोर दिया जाना चाहिए। इस पूरी सोच में एक बात पर हमने विचार ही नहीं किया। हमारे गांव हजारों सालों से हमारी परंपराओं और मूल्यों के सबसे बड़े पोषक रहे हैं। उस गांव व्यवस्था को पारंपरिक रूप में फिर से जिंदा किया जाना चाहिए। गांव केंद्रित आधुनिक विकास व्यवस्था अपनाई जानी चाहिए, अपने मंदिरों को आर्थिक तंत्र की मजबूती के साथ सांस्कृतिक तंत्र का वाहक बनाया जाना चाहिए। सनातन परंपरा पर जारी चोटों को यही व्यवस्था संभाल सकती है और दुनिया के सामने उसे आदर्शवादी व्यवस्था के रूप में स्थापित रख सकती है।


(आलेख में व्यक्त विचार लेखक के हैं। उनसे संपादक व प्रकाशक का सहमत होना अनिवार्य नहीं है। किसी भी विवाद की स्थिति में हमारा न्याय क्षेत्र दिल्ली होगा।)

 

Leave Your Comment

 

 

Top